बारात रवाना होने से पहले दूल्हे की गला रेतकर हत्या

बारात रवाना होने से पहले दूल्हे की गला रेतकर हत्या





रतलाम। उज्जैन जिले के नागदा थाना क्षेत्र के ग्राम हिडी में एक दूल्हे (युवक) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इससे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिस युवक की हत्या हुई है, उसकी बारात दो दिन बाद 9 फरवरी को रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचेड़ में आने वाली थी। हत्या के बाद शादी वाले घर में खुशी की जगह मातम छा गया। हत्या के कारणों का पता नहीं चला है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।


मिली जानकारी के अनुसार ग्राम हिड़ी (नागदा) निवासी सत्तार मंसूरी के पुत्र शहजाद मंसूरी की शादी 9 फरवरी को ग्राम पंचेड़ के मोहम्मद मंसूरी की पुत्री फरीदा बी से 9 फरवरी और सत्तार मंसूरी की पुत्री अफसाना बी की शादी 11 फरवरी को ग्राम खजुरिया निवासी शहादत मंसूरी के पुत्र नौशाद मंसूरी से होना थी।


तीनों घरों में शादी की तैयारियां चल रही थी और खुशी का माहौल था। दूल्हे शहजाद मंसूरी व उसकी बहन अफसाना की शादी को लेकर परिवार के लोग खुशी-खुशी तैयारी में लगे हुए थे। उन्हें हल्दी भी लग चुकी थी और 8 फरवरी को मेहंदी की रस्म रखी गई थी। 5 फरवरी की रात दूल्हे शहजाद के घर संगीत बज रहा था और परिजन शादी कार्यक्रम में लगे हुए थे।


इसी बीच रात करीब 10 बजे दूल्हे शहजाद को गांव का ही एक युवक बुलाकर ले गया। परिजन समझे की वे किसी काम से गए होंगे। करीब आधा घंटे बाद नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। खेत की तरफ से आवाज आई तो कुछ लोग वहां पहुंचे तो दो व्यक्ति भागते दिखे। लोगों ने समझा कि वे चोर होंगे। उन्हें पकड़ा गया तो वे गांव के ही थे। उन्हें छोड़ दिया गया।


इसके बाद परिजन विद्युत मोटर की तरफ गए कि कहीं चोर उधर तार तो नहीं काट गए अथवा मोटर तो चुराकर नहीं ले गए। वहां पहुंचने पर शहजाद का शव खून से सना दिखाई दिया। गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई थी। शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए।


शव मिलने पर गांव में तेजी से खबर फैली और कई लोग मौके पर पहुंचे। पिता भी सकते में आ गए दूल्हे शहजाद के घर मातम छा गया। महिलाएं रोने लगी। गांव में रात के सन्नाटे में महिलाओं के मातम करने की आवाजें गूंजने लगी।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजन शव घर ले गए और दोपहर में शहजाद को सुपुर्दे खाक किया गया। परिजन के अनुसार शहजाद की हत्या गांव के ही आरोपित दीपक, संदीप व अन्य चार-पांच लोगों ने मिलकर की है।


पुलिस थाने में रिपोर्ट की है। दो लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। वे ही बताएंगे की घटना में कौन-कौन शामिल था और हत्या क्यों की गई। शहजाद के चाचा आजाद भाई ने बताया कि शहजाद को क्यों मारा पता नहीं चला है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर पता करे और उन्हें सख्त सजा दें।