एंबुलेंस के थमें पहिये, वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों की चक्का जाम हड़ताल शुरू
जयपुर। राजस्थान प्रदेश में एक बार फिर वेतन नहीं मिलने से आक्रोशित एंबुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन की ओर से बकाया वेतन देने की मांग को लेकर मंगलवार शाम 6 बजे से संपुर्ण राजस्थान में चक्का जाम हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों को पिछले ढाई महीने का वेतन नहीं मिला है।
आपको बता दें कि तीन महीने पहले भी प्रदेशभर के एम्बुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। सरकार के साथ पहली वार्ता विफल होने के बाद प्रदेश में एम्बुलेंस-108 और एम्बुलेंस-104 सेवाएं दो दिन तक ठप रही। लेकिन हाईकोर्ट के दखल के बाद एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी थी। हालांकि एक बार फिर सरकार, एंबुलेंस सेवा प्रदाता कंपनी और कर्मचारियों के बीच वेतन को लेकर संघर्ष की स्थिति पैदा हो गई है और इसके चलते प्रदेश भर में जीवन वाहिनी सेवा एम्बुलेंस 108 के पहिए थम गए हैं।
एम्बुलेंस कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। कंपनी कहती है कि सरकार से पैसा नहीं मिल रहा। जब सरकार से गुहार लगाते हैं तो अधिकारी आश्वासन दे देते है लेकिन बिना वेतन के घर चलना मुश्किल हो रहा है। मजबूरन एंबुलेंस कर्मचारी काम छोड़ कर हड़ताल कर रहे हैं।
1400 एंबुलेंस के पहिए थमे
राजस्थान कर्मचारी संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के एंबुलेंस कर्मचारी अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चले गए है. इससे प्रदेश भर की 1400 एम्बुलेंस के पहिए थम गए हैं। कर्मचारी यूनियन की मानें तो खस्ताहाल एंबुलेंस गाड़ियों को चालक जैसे-तैसे चला रहे हैं लेकिन बिना वेतन अब गाड़ी आगे चलना मुश्किल है. यूनियन अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा है कि वेतन का भुगतान नहीं होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।