जीतू सोनी और उसके साथियों ने अश्लील वीडियो बना किया दुष्कर्म

जीतू सोनी और उसके साथियों ने अश्लील वीडियो बना किया दुष्कर्म


8 पर केस दर्ज





इंदौर। एक लाख रुपए के इनामी जीतू सोनी और उसके सात साथियों पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपितों में 76 वर्षीय होटल मालिक व शराब कंपनी के मैनेजर, सुपरवाइजर भी शामिल हैं। आरोपितों ने महिला का अश्लील वीडियो भी बना लिया था। पुलिस ने चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया है, जबकि आरोपित होटल मालिक अस्पताल में भर्ती हो गया। आजाद नगर थाना टीआई संजय शर्मा के मुताबिक आरोपित जीतू सोनी, उदयसिंह ठाकुर (होटल मालिक) भक्त उर्फ भगतराम उपाध्याय (कर्मचारी), अमरदीप उपाध्याय (बेटा), सरपाल बड़वाह (शराब कंपनी का मैनेजर), कृष्णकुमार तिवारी (शराब कंपनी का सुपरवाइजर), दीपक यादव (सहयोगी) और दिलीप कांसाल (फैक्टरी संचालक) हैं। पीड़िता 30 वर्षीय विवाहित महिला ने शिकायत में बताया कि करीब 10 साल पूर्व कृष्णकुमार ने शादी का झांसा दिया और लिवइन रिलेशन में रखा।


इस दौरान उसने सरपाल, दिलीप सहित कई लोगों से संबंध बनाने का दबाव बनाया। उदयसिंह उसके फार्म हाउस पर ले गया और दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना लिया। आरोपितों ने ब्लैकमेल किया और सालों यौन शौषण किया। पीड़िता द्वारा प्रेम विवाह करने पर भी आरोपित कॉल कर बदनाम करने की धमकी देने लगे। परेशान होकर उसने आत्महत्या की कोशिश की और पति को घटनाक्रम बताया। वह थाने पहुंची, लेकिन तत्कालीन टीआई महेंद्रसिंह भदौरिया ने होली पर महिला के पति पर छेड़छाड़ की धारा लगाकर जेल भेज दिया।


माय होम होटल में डेढ़ साल के बच्चे और पत्नी पर बंदूक अड़ाई


पीड़िता के मुताबिक उसने अमन नगर में पौने आठ लाख रुपए में मकान खरीदा था, लेकिन भक्त ने उसके मकान का दीपक से सौदा कर दिया। शिकायत करने पर वर्ष 2014 में आरोपित भक्त उसे माय होम होटल लेकर आया जहां जीतू सोनी ने डेढ़ साल के बेटे व पीड़िता को बंदूक अड़ा दी और कागजात पर साइन भी करवा लिए। पीड़िता के पति के मुताबिक वे आठ साल से आजाद नगर व पलासिया थाने पर भटक रहे थे।


गिरफ्तारी का सुन आरोपित बोला- दिल का दौरा पड़ा है


डीआईजी रुचि वर्धन मिश्र ने बुधवार को पीड़िता, उसके पति व आरोपितों को कंट्रोल रूम बुलाकर एक साथ बात सुनी। टीआई संजय शर्मा को भी बुला लिया और कृष्णकुमार तिवारी, भगतराम, अमरदीप व दीपक यादव को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। यह सुनते ही उदयसिंह सीने पर हाथ रखकर बोला कि उसे दिल का दौरा पड़ा है। उसने यह भी कहा कि महिला ब्लैकमेल कर रही है। इस केस का जीतू सोनी से वास्ता तक नहीं है। विवाद मकान का है। महिला रुपए लेकर समझौता कर चुकी है। डीआईजी ने फटकारा तो वह एमवाय अस्पताल में भर्ती हो गया। शाम को उसके दामाद और बेटे ने पीड़िता के पति पर समझौते का दबाव बनाना शुरू कर दिया।