थम गया चुनाव का शोर, 8 फरवरी को मतदान, 11 को आयेगा परिणाम
दिल्ली। विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन गुरूवार शाम 6 बजे प्रचार समाप्ती के साथ ही शौर थम गया। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झौंक दी। दिल्ली की सड़कों पर जगह-जगह रोड शो, जनसभा, भाषण के माध्यम से प्रचार नजर आया।
भाजपा की ओर से गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान, महाबली खली, सनी देओल और मनोज तिवारी जैसे नेता डटे रहे। वहीं आम आदमी पार्टी के लिए केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत सभी उम्मीदवारों ने जमकर प्रचार किया। कांग्रेस का प्रचार आज भी थोड़ा ढिला ही नजर आया। कांग्रेस का कोई बड़ा चेहरा प्रचार के आखिरी दिन नजर नहीं आया।
बता दें कि दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदान से जुड़ी तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। नई सरकार चुनने के लिए दिल्ली के मतदाता तैयार हैं। 8 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए 2689 स्थानों पर 13750 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं।
इतने मतदाता करेगें मतदान
दिल्ली विधान सभा चुनाव में कुल-1,47,86,382 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगें, जिनमें पुरुष-81,05,236, महिला-66,80,277, थर्ड जेंडर-869 शामिल है। 8 फरवरी को सुबह 8 से शाम 6 बजे तक मतदान किया जा सकेगा। 11 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। हर विधानसभा में एक आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किया जा रहा है। यहां कुल मतदान बूथ-13,750, संवेदनशील बूथ-3841, मतगणना केंद्र-27 बनाये गये है।
सबसे कम-सबसे ज्यादा मतदाता वाली विधानसभा
सबसे अधिक मतदाताओं वाली विधानसभा सीट मटियाला में 4,23,682 मतदाता, जबकि सबसे कम मतदाताओं वाली सीटचांदनी चैक में 1,25,684 मतदाता है।
एक लाख से ज्यादा कर्मचारी कराएंगे मतदान
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए एक लाख से अधिक मतदान अधिकारी और कर्मचारी पूरी चुनावी प्रक्रिया में शामिल होगें। सुरक्षा के लिए अर्द्घसैनिक बल की 190 कंपनियां, 3800 दिल्ली पुलिस और 19000 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। दिल्ली में करीब 3 हजार से ज्यादा संवेदनशील बूथ हैं, जहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।